सोराडीह में जमीनी विवाद, घटना की आशंका


नालंदा (बिहार) : हरनौत के तेलमर थाना क्षेत्र के सोराडीह गांव में दो पक्षों का जमीनी विवाद कभी-भी गंभीर घटना का रुप ले सकता है। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों के द्वारा मामले को सलटाने का प्रयास किया गया। पर, दोनों पक्ष अपने पर अड़े हैं। थानाध्यक्ष जीतेंद्र कुमार ने कहा कि मामला कोर्ट में है। जमीनी विवाद में वैसे भी पुलिस हस्तक्षेप नहीं कर सकती है।


सोराडीह निवासी रामवरण प्रसाद बताते हैं कि एसडीओ के आदेश से उनकी जमीन का सीमांकन वर्ष 2013 में ही हुआ था। पर, गांव का डीलर बैजू प्रसाद आज तक उन्हें उनकी अपनी जमीन पर कब्जा नहीं दे रहा है। विवादित जमीन से लगी जमीन पर छत ढालने का काम लगाया तो दूसरे पक्ष ने रोड़ेबाजी करके मजदूरों को भगा दिया। इधर बैजू प्रसाद ने भी जमीन पर अपना दावा ठोका है। सीओ अखिलेश चौधरी ने बताया कि मामला कोर्ट में है। इस बीच अगर दोनों पक्ष सर्वसम्मति से एक विचार पर राजी होंगे तो इसका हल निकल सकता है। पर, दोनों पक्ष अडिग हैं।