कोरोना के कारण बिहार की एक लोकसभा सीट पर चुनाव टला, देश की सात विधानसभा सीटों पर भी नहीं होगे उपचुनाव

News Desk : बिहार में कोरोना संक्रमण और बाढ़ के बिगड़े हालात के कारण वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के लिए होने जा रहे उपचुनाव को चुनाव आयोग ने स्थगित कर दिया है। आयोग ने इसके अलावा देश के अलग-अलग राज्यों के आठ विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव को स्थगित कर दिया है। चुनाव आयोग के अनुसार कोरोना संक्रमण की स्थिति में चुनाव कराना स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर बड़ा जोखिम होगा। साथ ही कई राज्यों में, जहां बाढ़ के हालात हैं, जिला प्रशासन बाढ़ के राहत व बचाव कार्य में लगा है। वहां लाखों लोग बाढ़ के कारण विस्थापित भी हो गए हैं।

किन जगहों टल गए उपचुनाव, जानिए

बिहार के वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है। इसके अलावा तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में विधानसभा की दो-दो सीटें तथा असम, केरल व मध्य प्रदेश में विधानसभा की एक-एक सीट पर भी उपचुनाव होने हैं। इनमें अधिकांश सीटें वहां के जनप्रतिनिधियों की मृत्यु के कारण खाली हो गईं हैं।चुनाव आयोग के अनुसार कुल 56 विधानसभा सीटों और लोकसभा की एक सीट पर उपचुनाव होना है। इनमें आठ सीटों पर उपचुनाव स्‍थगित किया गया है।

छह महीने के भीतर भरनी होती है सीट

नियमानुसार ऐसी सीटों पर छह महीने के भीतर उप चुनाव करा कर सीट भरनी होती है। यहां छह महीने की समय सीमा जुलाई से सितंबर के बीच समाप्त हो रही है। इसे दखते हुए चुनाव आयोग ने उपचुनाव कराने के लिए जब स्थिति की समीक्षा की तब पाया कि यहां के हालात खराब हैं। इस कारण छह महीने की समय सीमा का पालना करना मुश्किल है। इसके बाद आयोग ने उप चुनाव टालने के लिये केंद्रीय कानून मंत्रालय से संपर्क किया।

कोरोना व बाढ़ की वजह से टला उपचुनाव

जनप्रतिनिधित्व अधिनियम,1951 के तहत खास स्थिति में केंद्रीय कानून मंत्रालय की सलाह से चुनाव आयोग छह महीने की समय सीमा के अंदर उप चुनाव कराने के प्रावधान को टाल सकता है। आयोग ने इसी प्रावधान का उपयोग करते हुए गुरुवार को उप चुनाव टालने का फैसला किया। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसके पीछे कोरोना और बाढ़ हैं। चुनाव आयोग के अनुसार देश के कई हिस्सों में कोरोना की स्थिति खराब है। कई राज्‍यों में बाढ़ के हालात हैं। ऐसे में चुनाव कराना स्वास्थ्य और सुरक्षा का बड़ा जोखिम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Shares