ओजस्विनी ने जवानों की आरती उतार बांधी राखी, अपनी और भारत माता की रक्षा का लिया वचन

गया। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के महिला शाखा ओजस्विनी द्वारा ओजस्विनी जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि प्रियदर्शिनी के नेतृत्व में बुधवार को जेल परिसर में स्थित 159 केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल मुख्यालय के मनोरंजन सभागार में सीआरपीएफ के अधिकारियों व जवानों को रक्षा सूत्र बांध कर रक्षाबंधन उत्सव धूमधाम से मनाया।सुबह आयोजन स्थल पर ओजस्विनी की बहनें नवीन परिधानों में सुसज्जित होकर थाल में रंग-बिरंगी राखियों सहित मिठाई और तिलक लगाने के लिए चंदन लिए अधिकारियों व जवानों की कलाई में राखी बांधने को उत्सुक थीं। सर्वप्रथम ओजस्विनी की जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि प्रियदर्शिनी,डॉ. ज्योति प्रिया, ओजस्विनी की जिला मंत्री अमीषा भारती, उपाध्यक्ष मोनिका कुमारी व सरिता देवी, महामंत्री शिल्पा साहनी, कोषाध्यक्ष प्रतिज्ञा कुमारी के साथ रिया कुमारी, ईशा शेखर, कुमारी जूही, मोना कुमारी, प्रियंका कुमारी, पल्लवी कुमारी, रागिनी कुमारी एवं सृष्टि सिंह ने सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी अवधेश कुमार, मुकेश कुमार गुप्ता, डिप्टी कमांडेंट अंबर घोष सहित अधिकारियों व जवानों की कलाई में राखी बांधकर उनके सुख-समृद्घि की कामना की। फौजी भाईयों ने बहनों को सदैव उनकी रक्षा का वचन दिया।श्रृंखला बनाकर हाथ से हाथ मिलाकर राखी के साथ एकता के प्रतिरूप को दर्शाया। अधिकारियों ने कहा कि भाई का बहनों के प्रति दायित्वो को पुनः स्मरण करने का दिवस रक्षाबंधन उत्सव होता है। उन्होंने आगे कहा कि त्योहार हमारे समाज में सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। इस विशेष अवसर पर, हमें राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खुद को समर्पित करना चाहिए। रक्षाबंधन पर्व की बधाई देते हुए पर्व की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि प्रियदर्शिनी ने कहा कि भाइयों और बहनों के बीच जीवंत स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन है। ओजस्विनी की सदस्यों ने कहा कि फौजी भाईयों को राखी बांधकर बहुत अच्छा लगा। यह सभी बिना किसी स्‍वार्थ के देश की सभी बहनों की रक्षा के लिये रात दिन डटे रहते हैं, और इनको अपना भाई बनाकर आज इनका भी मान बढ़ गया है।ओजस्विनी द्वारा संयोजित रक्षाबंधन के इस कार्यक्रम को सफल बनाने में ‘अन्तरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद’ के विभागाध्यक्ष शशिकांत मिश्र, जिला मंत्री रामबारीक, कार्याध्यक्ष मुक्तामणि, मीडिया प्रभारी अश्विनी कुमार, प्रकाश कुमार गुप्ता आदि का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। ओजस्विनी अध्यक्षा ने सीआरपीएफ के सभी अधिकारियों एवं अहिप के सभी सदस्यों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता जतायी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Shares